हरदोई। ससुराल से घर आए मजदूर ने रविवार शाम जहर खा लिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पत्नी से विवाद होने से नाराज होकर जान देने की बात कही।
माधौगंज थाना क्षेत्र के टिकरिया गांव निवासी अंकुश (26) मजदूरी करता था। उसकी ससुराल बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के कैथौली गांव में है। पिता सियाराम के मुताबिक वह दो वर्षों से पत्नी ममता के साथ ससुराल में रहता था। वह कभी-कभार घर आता था। रविवार की शाम वह अपने डेढ़ वर्षीय बेटे को लेकर घर आया था।
इसके बाद बाजार जाने की बात कहकर निकला था। देर शाम घर लौट कर आया, तो उसकी तबीयत बिगड़ गई। उल्टी आने पर उसके जहर खाने की बात पता चली। मृतक के पिता ने पत्नी से विवाद होने पर बेटे के जहर खाकर जान देने की बात कही। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आगे की कार्रवाई माधौगंज पुलिस करेगी।