हरदोई। टड़ियावां थाने के नयापुरवा गांव के मजरा जिगिनिया खुर्द निवासी हरिओम (38) सराफा कारीगर था। शनिवार को उसके पड़ोस के एक मकान में छप्पर रखा जा रहा था।
पड़ोसी ने मदद के लिए गांव वालों को बुलाया, तो हरिओम भी पहुंच गया। बताते हैं कि वहीं पर पहले से बिजली का तार टूटा पड़ा था। जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया।
ग्रामीणों ने किसी तरह उसे करंट की अलग किया। इसके बाद परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल आ रहे थे लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। रविवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। हरिओम के परिवार में पत्नी के अलावा उसके दो बेटे और एक बेटी है। वह दो भाइयों में बड़ा था।