हरपालपुर। लोनार कोतवाली क्षेत्र के बरसोहिया गांव में शनिवार सुबह गांव के किनारे तालाब में मजदूर का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बरसोहिया निवासी रनवीर (36) मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक वह शुक्रवार की शाम शौच जाने के लिए घर से निकला था। देर रात घर वापस नहीं आया। इस पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं लगा।
शनिवार सुबह गांव के बाहर स्थित तालाब की तरफ गए ग्रामीणों ने उसका शव तालाब में उतराता देखा। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर आ गए।
परिजनों ने बताया कि शौच के दौरान पैर फिसलने से तालाब में गिरकर डूबने से मौत हुई। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं। कोतवाल विनोद यादव ने बताया कि तालाब में गिरकर डूबने से मौत होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।