हरदोई। आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्री-प्राइमरी स्कूल एजूकेशन के लिए आने वाले बच्चों को फिर से परिषदीय विद्यालयों की तरह गर्म भोजन मिलेगा। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने एक बार फिर से हॉटकुक्ड योजना के संचालन की तैयारी की है।
यहां पर 20 बाल विकास परियोजना में 3930 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इन केंद्रों पर पंजीकृत तीन साल के बच्चों, तीन से छह साल के बच्चों, किशोरी, गर्भवती और धात्री महिलाओं को कुपोषण से बचाने के लिए पोषक आहार दिए जाने की व्यवस्था है। विभाग ने एक फिर से ठप पड़ी हॉटकुक्ड योजना के संचालन का निर्णय लिया है।
हॉटकुक्ड योजना में आंगनबाड़ी केंद्र पर पंजीकृत तीन से छह साल आयु वर्ग के प्री-प्राइमरी एजूकेशन के लिए आने वाले बच्चों को लाभांवित किया जाएगा। इसमें खास बात ये होगी कि केंद्र पर आने वाले बच्चों को गर्म भोजन मिल सकेगा।
बैंक खाता कराए जा रहे क्रियाशील
जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा ने बताया कि शासन ने हॉटकुक्ड योजना संचालन की गाइड लाइन जारी कर दी है। इसके लिए हॉट कुक्ड फूड निधि के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और प्रधान के संयुक्त हस्ताक्षर वाले बैंक खातों को क्रियाशील कराया जा रहा है। इसके लिए एलडीएम को पत्र लिखा गया है कि वह बैंकर्स के माध्यम से इन खातों को जल्द से जल्द क्रियाशील करा दें, ताकि योजना संचालन में दिक्कत न आने पाए। सभी सीडीपीओ से कहा गया है कि वह बैंक शाखाओं से संपर्क कर बैंक खाता डिटेल प्राप्त कर कार्यालय को प्राप्त कराएं।
रसोइया को मिलेगा मानदेय
डीपीओ ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र पर आने वाले नौनिहालों के लिए निकट के विद्यालय में एमडीएम के साथ ही भोजन पकवाए जाने की व्यवस्था शासन ने दी है। भोजन बनाने के लिए रसोइया को मानदेय भी प्राप्त होगा, इसके लिए रसोइया के भी खाता मांगा गया हैं।
उचित दर विक्रेता देगा अनाज
डीपीओ ने बताया कि गर्म भोजन के लिए उचित दर विक्रेता आवंटन के अनुसार चावल की आपूर्ति करेंगे। गेहूं, तेल, मसाला और सब्जी आदि के खर्च को शासन स्तर के निर्णय अनुसार किया जाएगा।