हरदोई। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार की भारत अमृत स्टेशन योजना में हरदोई स्टेशन का चयन किया गया है। छह अगस्त को प्रधानमंत्री वर्चुअल शुभारंभ करेंगे। योजना में शामिल होने पर स्टेशन की तस्वीर बदल जाएगी, जिसका लाभ यात्रियों को मिलेगा।
स्थानीय स्टेशन पर प्रति दिन तीन दर्जन से अधिक ट्रेनों का आवागमन होता है। यहां से प्रतिदिन दस से 12 हजार यात्री यात्रा करते हैं। हरदोई स्टेशन माॅडल स्टेशन के रूप में चिह्नित है, मगर वहां पर सुविधाओं का अभाव है। इससे यात्रियों को समस्या होती है। स्टेशन पर बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार अमृत भारत स्टेशन स्कीम शुरू कर रही है। इसके तहत देश के स्टेशन पर शहर की कला, संस्कृति की सभी जानकारी प्रदान करना है। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो उसके लिए शौचालय का निर्माण, बिजली की अच्छी सुविधा, वेटिंग रूम का नवीनीकरण, आदि सुविधा को उपलब्ध करवाया जाएगा। योजना के तहत मुरादाबाद मंडल के 12 स्टेशन शामिल किए गए हैं, जिसमें हरदोई स्टेशन भी शामिल है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह अगस्त को योजना का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे। इसके लिए स्टेशन पर बड़ी एलईडी लगाकर प्रसारण देखा जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में बच्चों की निबंध, पेंटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के लिए स्टेशन पर तैयारियां शुरू हो गई है। विभागीय अधिकारी स्टेशन के लिए मैपिंग की तैयारी शुरू कर दी है। योजना में शामिल होने से स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ने से यात्रियों को लाभ होगा।