पाली। थाना क्षेत्र मेें शाहाबाद मार्ग पर बरगदिया पुलिया के पास सोमवार की दोपहर छह लोगों ने बाइक सवार जीजा-साले को रोक लिया। उन्हें नशीला रुमाल सुंघाकर 1.29 लाख रुपये, मोबाइल और बाइक लेकर बदमाश फरार हो गए।
होश आने पर घर पहुंचे पीड़ितों ने देर शाम पुलिस को सूचना दी। एएसपी पश्चिमी दुर्गेश सिंह ने घटनास्थल पर पहुुंचकर जांच की। पुलिस घटना संदिग्ध मान रही है।
पाली के गांव सलौनी निवासी सद्दाम ने बताया कि खेत पर सबमर्सिबल लगवाया है। इसमें बिजली का कनेक्शन कराना था। जिसके लिए उसे 1.29 लाख रुपये सवायजपुर बिजली उपकेंद्र में जमा करने थे।
घर से 69 हजार रुपये एक थैले में रखकर वह मंगलवार दोपहर परेली गांव स्थित एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र से 60 हजार रुपये निकालने अपने साले इमरान के साथ बाइक से गया था।
वहां से 60 हजार रुपये निकालने के बाद उसने पैसे थैले में रख लिए। वापस आते समय रास्ते में पाली-शाहाबाद मार्ग पर बरगदिया पुलिया के पास छह लोगों ने उसकी बाइक रोक ली।
इसके बाद बदमाशों ने उन्हें बातों में उलझाकर उन्हें नशीला रुमाल सुंघा दिया। इसके बाद वह लोग बेहोश हो गए। जब होश आया, तो उनका पैसे वाला झोला, मोबाइल और बाइक नहीं थी।
वह किसी तरह घर पहुंचे और घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर एएसपी पश्विमी, सीओ हेमंत उपाध्याय ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
एसओ सुनील दत्त कौल ने बताया कि घटना को लेकर जीजा-साले ने अलग-अलग बयान दिए हैं। इसलिए घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।