मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के देवीपुरवा गांव में महिला के खुदकुशी करने के मामले में पुलिस ने पति की तहरीर पर एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की।
गांव देवीपुरवा निवासी सुरेश ने दी तहरीर में बताया कि वह ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। शनिवार को उसकी पत्नी सुशीला (50) का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला था।
आरोप है कि गांव निवासी जागेश्वर उसकी गैर मौजूदगी में उसके घर आता जाता था। वह पत्नी से रुपये की मांग करता था। इस बात से परेशान होकर पत्नी ने फंदा लगाकर जान दे दी।
पुलिस ने मंगलवार को आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।