भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के रहरियामऊ गांव में युवती के आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों पर आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की।
गांव रहरियामऊ निवासी शिल्पी का शव मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में लटका मिला था। मृतका की मां तेजाना ने पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें बताया था कि पति मानसिक बीमार है। वह खुद परिवार के भरण-पोषण करने के लिए लुधियाना में रहती थी। सास रामश्री नेत्रहीन है। पिता और दादी की देखभाल के लिए बेटी शिल्पी गांव में रहती थी।
13 सितंबर को पड़ोस के बहुती खुर्द गांव निवासी अनुज अपने साथी पुष्पेंद्र के साथ बेटी को बहला-फुसलाकर ले गए थे। सूचना मिलने वह घर आई थीं। जानकारी करने पर पता चला कि अनुज उनकी बेटी को गाजियाबाद में अपनी बहन के यहां ले गया है। वहां से वह बेटी को स्थानीय लोगों के सहयोग से घर लेकर आई थी।
बताया कि सामाजिक बेइज्जती होने से परेशान होकर बेटी ने जान दे दी थी। प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।