हरपालपुर। लोनार कोतवाली क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर बरसोहिया गांव के पास बारिश के दौरान सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को अनियंत्रित निजी बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के सेमरा चौराहा निवासी गोल्डी (28) खेती करता था। सोमवार की शाम वह बाइक से हरपालपुुर के मुबारकपुर गांव स्थित ससुराल जा रहा था। कटरा-बिल्हौर मार्ग पर बरसोहिया गांव के पास बारिश होने लगा।
वह सड़क किनारे बाइक खड़ी कर रहा था। इसी दौरान फर्रुखाबाद की तरफ से आई तेज रफ्तार बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गोल्डी की मौके पर मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। घटना के बाद बस खड़ी करके चालक मौके से भाग गया। राहगीरों की सूचना पर हरपालपुर-लोनार दोनों कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस को तलाशी के दौरान मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड और मोबाइल मिला। इसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी युवक के परिजनों को दी। लोनार कोतवाल विनोद यादव ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।