हरदोई स्टेशन पहुंची ट्रेन से उतकर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ आगे बढ़ते श्रमिक।
- फोटो : HARDOI
हरदोई। लॉकडाउन के चलते गैर प्रांत व दूरदराज जनपदों में फंसे श्रमिकों लेकर लगातार स्पेशल ट्रेनें जनपद पहुंच रही हैं। बुधवार की शाम 7 बजे सहारनपुर से लखनऊ लेकर जा रही स्पेशल ट्रेन हरदोई स्टेशन पहुंची। यहां हरदोई स्टेशन पर सवार जनपद के 149 व गैर जनपद के 37 श्रमिकों को ट्रेन से उतारा गया। वहीं, गुरुवार की सुबह 9 बजे पंजाब के लुधियाना ने 1713 श्रमिक व उनके बच्चों को लेकर जनपद पहुंची। यहां स्टेशन पर नोडल अफसर मनु गर्ग, सीएमआई अम्बुज मिश्रा व सीएमआई मनीष वाजपेयी की देखरेख में श्रमिकों को ट्रेन से उतारकर उन्हें कतारबद्ध किया गया। इसके बाद श्रमिकों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बाहर निकाला गया। स्टेशन के दोनों गेटों पर मौजूद स्वास्थ्य टीमों ने सभी श्रमिकों की जांच की। जांच के बाद एडीएम संजय कुमार सिंह व एएसपी पूर्वी ज्ञानंजय सिंह की देखरेख में श्रमिकों को बसों पर बैठाया गया। गैर जनपद के श्रमिकों को बसों से उनके जनपद व जनपद के श्रमिकों को संबंधित तहसीलों में भेजा गया। एडीएम संजय कुमार सिंह ने बताया कि गुरु वार की शाम सहारनपुर व शुक्रवार की अल सुबह पंजाब के लुधियाना से स्पेशल ट्रेनें श्रमिकों को लेकर जनपद पहुंचेगी। ट्रेनों के आने व श्रमिकों को उनके गंतव्य स्थलों तक पहुंचाने को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।