फोटो-20- मृतक कमल किशोर कि फाइल फोटो
- फोटो : HARDOI
बेहंदर। कासिमपुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर धतिगढ़ी गांव में लापता किसान का शव उसके भतीजे और ट्रैक्टर चालक ने तालाब में फेंक दिया था। पुलिस ने शव को तालाब से ढूंढ निकाला और घटना का खुलासा किया।
महमूदपुर धतिगढ़ी गांव निवासी कमल किशोर (35) खेती करता था। एक नवंबर को वह खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद से घर नहीं लौट कर आया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन सुराग नहीं लगा था। चार नवंबर को उसकी पत्नी सुधा ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने शक के आधार पर उसके भतीजे बृजनंदन और ट्रैक्टर चालक जमसरा गांव निवासी शिवनाथ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद घटना का खुलासा हो गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने बताया कि खेत की जोताई करते समय कमल किशोर रोटावेटर की चपेट में आकर मौत का शिकार हो गया।
इसके बाद घटना को छिपाने के लिए उन लोगों ने शव को रस्सी से बांध कर खेत के पास स्थित तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने गुरुवार सुबह शव गांव से कुछ दूरी पर हसनापुर मार्ग किनारे स्थित तालाब में रस्सी में बंधा ढूंढ निकाला। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा चार बच्चे हैं। प्रभारी एसओ आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।