शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के हर्रई रेलवे फाटक के पास लखनऊ-दिल्ली रेल मार्ग पर सोमवार सुबह काम करते समय राजरानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से की मैन की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने परिजनों को जानकारी देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हरियाणा के झज्जर निवासी मनोज (35) रेलवे में की मैन था। वह हरदोई में तैनात था। सोमवार सुबह वह शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली रेल मार्ग पर स्थित हर्रई रेलवे फाटक के पास खंभा नंबर 1214 के पास लाइन पर काम कर रहा था।
इसी दौरान अप और डाउन दोनों तरफ से ट्रेन आ गईं। वह बचाव का प्रयास करते समय अप लाइन पर आ रही राजरानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। साथियों ने घटना की सूचना अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंच गई।
अधिकारियों ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। जीआरपी प्रभारी रेहान खान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।