हरदोई। डीएम एमपी सिंह ने बृहस्पतिवार को सदर तहसील का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों का रखरखाव ठीक तरह से करने के निर्देश दिए। कहा कि सभी कार्यों का कंप्यूटीकरण कराया जाए। आवश्यकतानुसार कंप्यूटर लगवाए जाएं। परिसर को साफ सुथरा रखा जाए। गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।
डीएम ने सदर तहसील के अभिलेखागार, संग्रह अनुभाग, कंप्यूटरीकृत खतौनी, एसडीएम न्यायालय, आधार पंजीकरण सहित विभिन्न्न पटलों का निरीक्षण किया। अभिलेखागार का निरीक्षण करते हुए नाजिर को निर्देश दिए कि सभी फाइलें सुव्यवस्थित ढंग से रखी जाएं।
पुरानी फाइलों को यथा स्थान पर रखें। किसी प्रकार की गंदगी करने वालों पर जुर्माना लगाएं। मतदाता सूची में आधार पंजीकरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए डीएम ने एसडीएम स्वाती शुक्ला को निर्देश दिए कि आधार पंजीकरण कार्य तेजी से कराएं।
तहसील परिसर में टूटी नाली एवं नाली से बाहर बह रहे पानी को देखकर डीएम ने नाराजगी जताई। कहा इसे तत्काल ठीक कराएं और नगर पालिका के माध्यम से नियमित तहसील परिसर की सफाई कराई जाए। निरीक्षण के दौरान जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार, नायब तहसीलदार ज्योति वर्मा तथा नाजिर आदि उपस्थित रहे।
इको सेंसिटिव जोन में नहीं हो सकता निर्माण
हरदोई। कलक्ट्रेट सभागार में सांडी पक्षी विहार के मास्टर जोन प्लान के संबंध में बैठक हुई। जिसमें डीएम एमपी सिंह ने कहा कि झील में जल स्तर अच्छा बनाएं रखने के लिए कार्ययोजना बनाएं।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार इको सेंसिटिव जोन के अंदर कोई निर्माण नहीं किया जाएगा। इसलिए पक्षी विहार के आसपास निर्धारित मानक के अनुसार ड्रोन और भौतिक सर्वे कराएं।
सर्वे करने वाली टीमों के लिए एक नोडल अधिकारी व तीन सहायक नामित किए जाए। बैठक में डीएफओ रविशंकर, डीडीओ एपी सिंह, अधिशासी अभियंता शारदा नहर अखिलेश गौतम, जिला कृषि अधिकारी उमेश शाहू, जिला उद्यान अधिकारी सुरेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार आदि मौजूूद रहे।