हरदोई। लाभार्थियों को स्वरोजगार स्थापना के संबंध में जानकारियां दी गईं। बताया गया कि रोजगारपरक इकाई की स्थापना के लिए ऋण प्राप्त कर लेना ही काफी नहीं है, विभिन्न विभागों में पंजीकरण और समय से उत्पादन, बाजार आदि की भी जानकारी जरूरी है।
जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र पर शुक्रवार को अखिल भारतीय हस्तशिल्प सप्ताह का शुभारंभ उपायुक्त सुनील त्रिपाठी ने किया। उपायुक्त ने कहा कि सरकार की मंशा युवाओं को अधिक से अधिक से स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की है। इसके लिए एक जनपद-एक उत्पाद के साथ ही अन्य कई योजनाएं और कार्यक्रम दिए गए हैं।
लाभार्थियों से कहा कि वह आवेदन के अनुरूप ही अपनी इकाई की स्थापना करें। इकाई संचालन के लिए कच्चा माल और तैयार उत्पाद की आपूर्ति, भंडारण, विभिन्न विभागों में पंजीकरण, समय से टैक्स भुगतान और लाभांश आदि का पूरा ब्योरा नियमित तैयार करने की आदत डालनी चाहिए।
खादी ग्रामोद्योग आयोग लखनऊ के सहायक निदेशक आशुतोष सिंह ने विभागीय योजना-कार्यक्रम की जानकारी दी। यहां पर मोहम्मद महफूज, मुद्दसिर हुसैन, मोहम्मद आरिफ, मोरध्वज, रसीद अहमद, अर्पित आदि ने अपने-अपने उत्पाद के स्टॉल भी लगाए। उद्योग केंद्र के सहायक आयुक्त ज्ञानेश्वर कुमार समेत लाभार्थी मौजूद रहे।