हरदोई। झोलाछाप के इलाज से बुखार पीड़ित बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है।
पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम आमतारा निवासी करन मजदूरी करता है। उसके पुत्र देव (7) को पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था। करन के मुताबिक गुरुवार देर शाम वह गांव में झोलाछाप के पास देव की दवा लेने के लिए गया था। इस दौरान झोलाछाप ने देव को एक इंजेक्शन लगाया। इसके कुछ ही देर बाद देव की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर शाहजहांपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों कोहराम मच गया। करन ने झोलाछाप पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। पचदेवरा के प्रभारी निरीक्षक संतोष तिवारी ने बताया कि घटना संज्ञान में है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।