हरदोई में शहर के राजकीय इंटर कॉलेज परिसर स्थित राजकीय अनुसूचित जाति बालक छात्रावास में रहने वाले छात्रों को बरसात के दिन काटना मुश्किल हो रहा है। आसमान से जब पानी बरसता है तो छात्रावास की जर्जर छतें उसे रोक नहीं पातीं। पानी छतों की दरारों से कमरे के अंदर ही टपकने लगता है। कमरों की दीवारें पानी में भीगी रहती हैं।
पूरे छात्रावास में सीलन की वजह से छात्रों की किताबें व अन्य जरूरी सामान खराब हो जाता है। छात्र बीमार हो रहे हैं। गंदगी और बड़ी-बड़ी झाड़ियों के बीच छात्रों को रहना मुश्किल हो गया है। अनुसूचित जाति के छात्रों को मुख्यालय में रहकर शिक्षा प्राप्त करने के दौरान निशुल्क आवास की सुविधा देने के लिए समाज कल्याण विभाग ने इस छात्रावास की स्थापना की थी।
छात्रावास में 48 छात्रों के रहने की क्षमता है। वर्तमान में करीब 36 छात्र निवास कर रहे हैं। पिछले काफी समय से इस छात्रावास के छात्रों को पढ़ना तो दूर यहां रहना भी मुश्किल हो रहा है। बरसात के मौसम में उनकी परेशानी और भी बढ़ जाती हैं। छात्रावास के कमरों में बारिश का पानी छतों और दीवारों के रास्ते उतर आता है। खाद्य सामग्री व किताब-कापियां भी सीलन से खराब हो जाती हैं। छात्रावास के शौचालयों के दरवाजे उखड़ चुके हैं। विभाग ने इन्हें दोबारा लगवाया नहीं है।
बीमार हो रहे छात्र
छात्रावास में गंदगी की वजह से संचारी रोग फैलने का खतरा तो है ही, सीलन से भी बीमारियां हो रही हैं। सीलन की वजह से छात्र बीमार पड़ रहे हैं। उन्हें एलर्जी, खुजली और जुकाम की समस्या हो रही है। पिछले दो माह में यहां रहने वाले कई छात्र बीमार हो चुके हैं। विभागीय अधिकारी बजट का रोना रोकर छात्रों की परेशानी को नजरंदाज कर रहे हैं।
छात्रों ने बयान की परेशानी
सीएसएन पीजी कॉलेज में एमए अंतिम वर्ष के छात्र राजीव रावत ने बताया कि छात्रावास परिसर में झाड़ियां उग आई हैं। इसमें जहरीले कीड़े होने या सांप के होने की भी संभावना रहती है। कई बार परिसर में सांप देखे भी गए हैं। इसलिए बारिश के मौसम में सांप-कीड़ों का डर भी लगा रहता है। सीएसएन पीजी कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे छात्र राहुल वर्मा और परमाईलाल ने बताया कि छात्रावास का भवन काफी जर्जर है। बारिश का पानी सीधे कमरे में उतर जाता है। जीडीसी में बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र सौरभ ने बताया कि छात्रावास परिसर में सफाई व्यवस्था काफी खराब है। सफाई कर्मचारी नहीं आता है। इसकी वजह से झाड़ियां भी उग आई हैं। शौचालय से लेकर पानी की टंकी तक सब गंदा रहता है।
हाल ही में छात्रावास का निरीक्षण किया था, भवन जर्जर है। इसकी मरम्मत के लिए कार्यदायी संस्था सिडको के अधिशासी अभियंता को इस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इस्टीमेट मिलते ही बजट के लिए शासन को भेजा जाएगा। - राजमती, जिला समाज कल्याण अधिकारी, हरदोई
फोटो-04- छात्रावास के कमरे की दीवारों से बहता पानी- फोटो : HARDOI
फोटो-05- पानी की टंकी के पास फैली पड़ी गंदगी- फोटो : HARDOI