कछौना। कोतवाली क्षेत्र में बाघ डांटा के जंगल में 10 सितंबर को गोवंशों के अवशेष मिलने के मामले में फरार चार गोकशों को योजना बनाते गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से दो जिंदा गोवंश और औजार बरामद किए हैं।
सीओ विकास जायसवाल ने बताया कि 10 सितंबर को बाघा डांटा के जंगल में गोवंशों के अवशेष मिले थे। जिसमें अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच व स्थानीय पुलिस की टीम को लगाया गया था। टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी।
बुधवार सुबह लखनऊ मार्ग पर कमालापुर के जंगल में कुछ तस्करों के मौजूद होने की सूचना मिली। जिस पर टीम ने घेराबंदी कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने अपने नाम और पता माधौगंज के तकिया धर्मपुर निवासी मुन्ना, संडीला के कुर्ना निवासी कुंडी उर्फ अंगूरी, अनीस उर्फ गंजा, गेंदा बताया है। जबकि तीन तस्कर भागने में सफल रहे।
आरोपियों ने फरार साथियों के नाम कमल, हाशिम, नौशाद बताए हैं। सीओ ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बाघा डांटा के जंगल में गोकशी करने की बात स्वीकार की। चारों को जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।