हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के अंयारी गांव में गन्ने के खेत में गुरुवार सुबह गन्ने की पाती फूंकते समय उठी चिंगारी से पड़ोस के गन्ने के खेत में आग लग गई।
इसकी चपेट में आकर आठ किसानों की 32 बीघा फसल जल गई। खेतों से आग की लपटें उठते देख ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूूचना दी। एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने आग पर काबू पाया।
अंयारी गांव निवासी हुकुमचंद के खेत में गन्ने की फसल खड़ी है। आधा गन्ना कटवा कर उसने मिल भेज दिया था। खेत की सफाई करने के लिए गुरुवार सुबह वह उसकी पाती जला रहा था। इस दौरान उसके खेत से आग की चिंगारी उड़कर पड़ोसी सुरेंद्र नाथ के खेत में जा गिरी। जिससे आग भड़क उठी।
आग की लपटों ने पड़ोसी संतकुुमार, राधेश्याम, रामसेवक, बाबूराम, बृजमोहन, सियाराम की गन्ने की फसल को भी अपनी चपेट में ले लिया। गन्ने की फसल में आग लगी देख ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आगजनी की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। ग्रामीणों के मुताबिक एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड टीम मौके पर आई और दो घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
जब तक सभी किसानों का 32 बीघा गन्ना जल चुका था। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल संकल्प शुक्ला, चकबंदी लेखपाल राहुल कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने किसानों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। एसओ नित्यानंद सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
इन किसानों की जली फसल
लेखपाल संकल्प शुक्ला ने बताया कि आग से हुकुमचंद्र की तीन बीघा, सुरेंद्र नाथ की चार बीघा, राधेश्याम की पांच बीघा, बाबूराम की दो बीघा, रामसेवक की पांच बीघा, बृजमोहन की पांच बीघा, सियाराम की पांच बीघा, संत कुमार की तीन बीघा गन्ने की फसल जली है।