हरदोई। रबी की फसलों की बुवाई के समय डाली जाने वाली खाद पाने के लिए किसानों की कतारें लगनी शुरू हो चुकी हैं। सहकारी केंद्रों से खाद पाने के लिए किसान परेशान हैं।
जिले के लिए 45,600 एमटी डीएपी का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष 18,387 मैट्रिक टन (एमटी) खाद मिल चुकी है। कृषि विभाग का दावा है कि 11,992 एमटी खाद का वितरण 1,14,852 किसानों को हो चुका है।
जिले में सात लाख पंजीकृत किसान है, जो कि करीब पौने चार लाख हेक्टेयर क्षेत्र में रबी की प्रमुख फसल गेहूं और आलू करते हैं। इस समय आलू की बुवाई पीक पर है, तो गेहूं की बुवाई भी शुरू हो चुकी है।
ऐसे में खाद की मांग बढ़ रही है। सहकारी समितियों पर खाद की उपलब्धता नहीं हो पा रही है। जिससे जिला मुख्यालय पर खाद की आस में भूख-प्यास भूल कर किसान लाइन लग रहे हैं।
बुधवार को शहर में सिनेमा चौराहे के पास स्थित सहकारी केंद्र पर खाद के लिए किसानों की लंबी कतार लगी। किसानों की संख्या देख पुलिस को कतार लगवाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।
यहां खाद लेने आए राम लखन व हरि ने बताया कि गांव और आसपास क्षेत्र में सहकारी समितियों पर खाद नहीं है। इसलिए यहां खाद लेने आए हैं। पता नहीं है कि मिल पाएगी या नहीं क्योंकि भीड़ बहुत है।
जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि चार मैट्रिक टन डीएपी सहकारी समितियों, पीसीएफ केंद्रों व निजी क्षेत्र की दुकानों पर उपलब्ध है। इस सप्ताह आ रही रैकों से 900 एमटी डीएपी और मिल जाएगी।
1000 एमटी डीएपी व 400 एमटी एनपीके भी इस सप्ताह आ रही है, जो बिक्री के लिए निजी क्षेत्र में उपलब्ध हो जाएगी। किसानों को यदि खाद मिलने में किसी प्रकार कर समस्या हो, तो वह कंट्रोल रूम नंबर 05852-232056 पर संपर्क कर सकते हैं।
दो दुकानों का लाइसेंस निलंबित
उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी सदर विनीत कुमार शुक्ला ने बताया कि टडियावां क्षेत्र में खाद की दुकानों का निरीक्षण किया। दुकान बंद कर चले जाने के आरोप में जिला कृषि अधिकारी ने दयाल बंधु केंद्र, आकाश ट्रेडिंग कंपनी टडियावां का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
फोटो-13- खाद लेने को लगी किसानों की लाइन- फोटो : HARDOI