हरदोई जिले में कासिमपुर थाना क्षेत्र के हिया गांव में रविवार देर रात किसान का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना में बारे में परिजन उसके मानसिक बीमार होने की बात कह रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हिया गांव निवासी मुरारीलाल (27) खेती करता था। रविवार रात वह परिवार के साथ छत पर सो रहा था। देर रात पानी पीने की बात कहकर नीचे उतर आया। इसके बाद वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा। इस पर पत्नी मोनी नीचे उतरकर आई, उसे कमरा अंदर से बंद मिला। उसने खिड़की से कमरे में देखा, तो छत के कुंडे में साड़ी के फंदे से पति का शव लटक रहा था।
यह देख उसकी चीख निकल गई। चीख सुनकर परिवार के लोग छत से नीचे उतर कर आए। मृतक के पिता बनवारी लाल ने बताया कि बेटा मुरारी गांजा और शराब पीने का आदी था। इस कारण उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता था। मानसिक बीमारी से परेशान होकर उसने जान दे दी। परिवार में पत्नी मोनी के अलावा एक ढाई वर्षीय बेटा रौनक है। प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर प्रजापति ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।