बावन। लोनार कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव में किसान का शव खेत में बने मचान में रस्सी के फंदे से लटका मिला। घटना के बारे में परिजन कुछ नहीं बोल रहे हैं। वहीं गांव में घरेलू कलह के चलते किसान के खुदकुशी करने की चर्चा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव निजामपुर निवासी सतेंद्र यादव (25) खेती करता था। उसके खेत में इन दिनों खीरे की फसल खड़ी है। परिजनों के मुताबिक बुधवार की सुबह वह फसल की रखवाली करने के लिए घर से निकला था।
कुछ देर बाद खेतों तरफ गए ग्रामीणों ने खेत में बने मचान में रस्सी के फंदे से उसका शव लटकते देखा। ग्रामीणों की सूचना पर वह लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
ग्रामीणों का कहना है कि सतेंद्र का परिजनों से आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता था। जिससे परेशान होकर उसने फंदा लगाकर जान दे दी। वह अविवाहित और चार भाइयों में छोटा था। कोतवाल विनोद यादव ने बताया कि घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।