हरदोई। उत्तर प्रदेश शराबबंदी संयुक्त मोर्चा ने शराबबंदी के लिए रविवार को अधिवक्ता संघ सभागार में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक सुल्तान सिंह ने कहा कि जब जन-जन की आवाज शराबबंदी को लेकर उठेगी, तो सरकारों को भी जन भावनाओं के आगे झुकना पड़ेगा।
शासन पूर्ण शराबबंदी करने को विवश होगा। मंच का संचालन कर रहे जिला प्रभारी सचिन सिंह ने कहा कि शराब का निर्माण और बिक्री बंद होनी चाहिए।
पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी हरिवंश सिंह एवं महिला विंग की जिला प्रभारी विनीता पांडे ने शराबबंदी अभियान को आंदोलन बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रविंद्र सिंह परमार ने शराबबंदी को सफल बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने व सरकार तक मांग पहुंचाने पर जोर दिया।
वरिष्ठ अधिवक्ता कुलभूषण सिंह, इंद्रेश्वर नाथ गुप्ता, मनोहर लाल गुप्ता, सुरेश चंद वर्मा ने शराब को समाज की सबसे बड़ी बुराई बताया और शराबबंदी पर बल दिया। यहां हरगोविंद सिंह, राजेश सिंह, आदर्श पांडे, रामप्रकाश तिवारी, प्रताप नारायण, महेश मिश्रा, मिथिलेश मिश्रा, गिरजा शंकर आदि मौजूद रहे।