फोटो-37- मृतक गौरव की फाइल फोटो
- फोटो : HARDOI
भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के गांव गौरी खुर्द मजरा सोनिकपुर का एक युवक तालाब में दोस्तों के साथ नहाते समय डूब गया। ग्रामीणों ने खासी मशक्कत के बाद उसका शव दो घंटे बाद तालाब से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि गांव गौरी खुर्द मजरा सोनिकपुर निवासी गौरव (22) बुधवार दोपहर गांव से चार किलोमीटर दूर धर्मापुर गांव स्थित बरेठी तालाब में अपने तीन दोस्तों के साथ मछलियां पकड़ने के लिए गया था।
तालाब में जाल लगाकर वह मछली पकड़ रहा था। इस दौरान उसके और दोस्त आ गए। वह दोस्तों के साथ तालाब में नहाने लगा। इस दौरान वह गहरे पानी में जाकर डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए तो शोर मचाया।
सूचना पर गांव वाले मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गौरव को तलाशा। तब तक वह दम तोड़ गया। पुलिस ने उसका का शव बाहर निकलवाया।
गौरव तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। वह दिल्ली में रहकर नौकरी करता था, दो दिन पूर्व गांव आया था। गौरव के पिता राजेश ने बताया कि पांच अक्तूबर से चार दिन के लिए गांव में बूढ़े बाबा का मेला देखने के लिए गौरव आया था। प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ल ने बताया शव को तालाब से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है।