हरदोई जिले में कोतवाली क्षेत्र के शंकरखेड़ा गांव में मौसा के घर दोस्त के साथ आकर रुके मजदूर की गुरुवार रात छत से गिरकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। बेनीगंज क्षेत्र के बंसीपारा गांव निवासी नरेश (30) मजदूर था। वह लुधियाना में मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक वह बृहस्पतिवार शाम गांव निवासी रमेश के साथ लुधियाना जाने की बात कहकर घर से निकला था।
कछौना रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उसकी ट्रेन छूट गई। इस पर नरेश कछौना के शंकरखेड़ा गांव निवासी अपने मौसा लालता के यहां दोस्त के साथ जाकर रुक गया। रात में वह छत पर चारपाई पर सो रहा था। देर रात नरेश लघुशंका के लिए उठा और नींद की हालत में रेलिंग विहीन छत से नीचे गिर गया।
उसके काफी देर तक लौट कर वापस नहीं आने पर दोस्त ने उसकी तलाश शुरू की, तो वह नीचे सड़क किनारे पड़ा दिखा। रमेश के शोर मचाने पर परिजन जाग गए। वह उसे बाइक से लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके सीने पर चोट के निशान थे। मृतक के परिवार मेेें पत्नी पुष्पा के अलावा तीन बच्चे हैं। कोतवाल संदीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-10- रोती बिलखती मृतक नरेश की पत्नी व अन्य महिलाएं- फोटो : HARDOI