फोटो-13-मृतक अजीत की फाइल फोटो
- फोटो : HARDOI
हरपालपुर। शहर के मोहल्ला विभूूति नगर से लापता बढ़ई का शव चौथे दिन हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के जिलगांव के पास आम के पेड़ में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला विभूति नगर निवासी अजीत (35) बढ़ई था। परिजनों के मुताबिक 24 नवंबर को वह लखनऊ में दरवाजे लगाने की बात कहकर वह घर से निकला था। इसके बाद से वह लापता हो गया। शुक्रवार को भाई धीरज ने शहर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
रविवार सुबह हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के जिलगांव के पास कटरा-बिल्हौर मार्ग पर स्थित कोल्ड स्टोरेज के पास आम के पेड़ में उसका शव मफलर के फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
सोशल मीडिया पर शव का फोटो वायरल होने पर परिजनों को जानकारी हुई। परिजनों ने आरोप से अभी इन्कार किया है। घटना की वजह के बारे में परिजन कुछ नहीं बोल रहे हैैं। मृतक के परिवार में पत्नी विनीता शर्मा के अलावा एक तीन साल की पुत्री है। हरपालपुर के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।