बघौली। थाना क्षेत्र में उमरपुर के पास लखनऊ-दिल्ली रेलवे मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह एक अधेड़ का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव गृह में रखवाया है। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
उमरपुर गांव के पास से लखनऊ-दिल्ली रेलवे मार्ग निकला है। बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीण रेलवे लाइन की तरफ गए थे। गांव से करीब 300 मीटर दूरी पर पोल नंबर 1161 के पास एक 50 वर्षीय अधेड़ का शव पड़ा था।
ग्रामीणों ने स्टेशन मास्टर अर्पित मिश्रा को इसकी सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
पुलिस के मुताबिक अधेड़ खाकी रंग की पैंट व पुलिस की बेल्ट बांधे था, जूते पहने था। सिर पर चोट का निशान था। जिससे रात में किसी ट्रेन से गिरकर मौत होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
जेब में हरदोई से शाहजहांपुर तक का टिकट मिला है। प्रभारी एसओ रामानंद मिश्रा ने बताया कि संभावना है कि मृतक पुलिसकर्मी है। उसके पास ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे शिनाख्त हो सकती। शव को पोस्टमार्टम हाउस के शव गृह में रखवा कर शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।