हरपालपुर। थाना क्षेत्र के गांव भदार चौराहे पर अपनी मौसी के घर पर युवक का शव दरवाजे पर रस्सी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
बिलग्राम थाना क्षेत्र के बिरनी गांव निवासी विनोद कुमार (18) हरपालपुर थाना क्षेत्र के गांव भदार चौराहे पर अपनी मौसी सोनकली के मकान में लगभग पांच वर्षों से रहता था। वहीं पर किराने की दुकान चलाता था।
उसके मौसी-मौसा हरदोई स्थित मकान में रहते थे। बुधवार को काफी समय बीत जाने के बाद भी उसकी दुकान जब नहीं खुली, तो आसपास के लोगों ने मकान में जाकर देखा।
मकान की दूसरी मंजिल पर दरवाजे में रस्सी से फंदे पर उसका का शव लटक रहा था। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने सूचना पुलिस को दी। विनोद के परिवार में माता कृष्णा वती के अलावा चार भाई और एक बहन हैं।
विनोद तीसरे नंबर का था। बड़े भाई नितिन ने विनोद की हत्या कर शव लटकाने का अज्ञात लोगों पर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सूचना पर फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
एसपी को फोन करने के दो घंटे बाद पहुंची पुलिस
युवक का फंदे पर शव लटके पाए जाने की सूचना मृतक के बड़े भाई नितिन ने 10 बजे तीन बार हरपालपुर पुलिस को दी। पुलिस तत्काल नहीं पहुंची। आखिरकार उसने पुलिस अधीक्षक हरदोई को 11 बजे सूचना दी।
एसपी को सूचना मिलने के बाद हरपालपुर कोतवाली पुलिस हरकत में आई। दोपहर करीब एक बजे वह घटनास्थल पर पहुंची। लोगों का कहना था कि पुलिस को 12 किलोमीटर की दूरी तय करने में दो घंटे लग गए।