बेनीगंज (हरदोई)। सीतापुर के महौली थाना क्षेत्र में गुरुवार को मिले युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर शनिवार रात परिजन गांव लाए। रविवार सुबह परिजन शव अंतिम संस्कार के लिए खेत में लेकर पहुंचे।
जहां शव रखकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। देर शाम तक परिजनों को समझाने में पुलिस जुटी रही लेकिन परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार नहीं किया।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव शिवपुरी निवासी राजू (30) लुधियाना में मजदूरी करता था। सीतापुर के मैगलगंज थाने के परसेहरा गांव में उसकी ससुराल है। पत्नी बिरला दो बच्चों के साथ मायके में रह रही है।
परिजन के मुताबिक राजू अपनी ससुराल मंगलवार को आया था। गुरुवार सुबह उसका शव ससुराल से कुछ दूरी पर महौली थाना क्षेत्र में हेमपुर गांव के बाहर शव पड़ा मिला था। सूचना पर परिजन मौके पर पहुुंच गए थे।
मृतक की मां मीरा ने ससुरालियों पर रुपये के लेनदेन में बेटे की हत्या करने का आरोप लगाकर एसपी सीतापुर को प्रार्थना पत्र दिया था। पोस्टमार्टम कराकर शनिवार रात परिजन शव लेकर गांव आए।
रविवार सुबह करीब सात बजे परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव खेत पर लेकर पहुंचे। जहां शव रखकर हत्यारोपियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर बेनीगंज पुलिस मौके पर पहुंची।
सुबह से पुलिस परिजनों को समझाने के प्रयास में जुटी रही, लेकिन परिजन पहले कार्रवाई बाद में अंतिम संस्कार कराने की बात पर अड़े हैं। कोतवाल इंद्रजीत सिंह चौहान ने बताया कि घटना सीतापुर जिले की है। वहां की पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी। परिजन को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
फोटो-41- परिजनों से पूछताछ करते पुलिसकर्मी- फोटो : HARDOI