बघौली। थाना क्षेत्र के तिलक पुरवा मजरा गोंडाराव गांव में हुई किसान की हत्या का सातवें दिन पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस का दावा है कि किसान के एक युवती से अवैध संबंध थे। जिसके चलते उसके चचेरे भाई ने उसकी हत्या की थी। सीओ विकास जायसवाल ने बताया कि जुर्म स्वीकार करने पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
सीओ ने बताया कि तिलक पुरवा मजरा गोंडाराव निवासी सोनेश्वर (60) का शव 27 अगस्त की सुबह पशुशाला में चारपाई पर पड़ा मिला था। मृतक के बेटे दिलीप की तहरीर पर छोटे और उसके बेटे रानू, राजेश, भाई संतकुमार के खिलाफ रुपये के लेनदेन में हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। टीमें घटना के खुलासे में लगीं थीं।
इसके साथ ग्रामीणों से भी मामले में पूछताछ की जा रही थी। बृहस्पतिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर थोक माधौ नहर पुल केे पास से पुलिस ने आरोपी छोटे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक सोनेश्वर उसका चचेरा भाई था।
उसके एक युवती से अवैध संबंध थे। सोनेश्वर ने उसे मोबाइल खरीदकर दिया था। उसे युवती से बात करते उसने देखा था। इस उम्र में गलत हरकत करना उसे अच्छा नहीं लगता था।
इसी बात को लेकर 24 अगस्त को उसके परिजनों ने सोमेश्वर को गाली-गलौज कर युवती से बात न करने की हिदायत दी थी। इसके बाद भी वह युवती से बातचीत करता था।
इसके बाद उसने हत्या करने की ठान ली। 26 अगस्त की रात दो बजे पशुशाला में सोते समय उसने सोनेश्वर के सिर पर डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी थी।
उसने यह भी कबूल किया कि घटना के समय उसके साथ परिवार का कोई व्यक्ति नहीं था। सीओ ने बताया कि आरोपी के जुर्म कुबूल करने पर उसे जेल भेज दिया गया है।