शाहाबाद। ब्लॉक के हसुआ गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में गर्म पानी से भरा भगौना पलटने से छात्रा के झुलसने के मामले में खंड शिक्षाधिकारी ने स्कूल स्टाफ को क्लीन चिट दे दी है।
उमरिया कैथानी गांव निवासी शोभा हसुआ प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच में पढ़ती है। शनिवार को वह स्कूल की रसोई में अंदर गर्म पानी से भरा भगौना पलटने से झुलस गई थी।
परिजनों ने स्कूल स्टाफ पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। खंड शिक्षाधिकारी अनिल झा मामले की जांच कर रहे थे।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जांच में शिक्षक व रसोइयां की गलती नहीं मिली है। छात्रा शौचालय की ओर जा रही थी। रसोई के पास चावल बनने के लिए भगौने में पानी गर्म हो रहा था।
इस दौरान बंदर के कूदने से गर्म पानी से भरा भगौना पलट गया था। जिसकी चपेट में आने से छात्रा झुलसी थी। खंड शिक्षाधिकारी के कर्मचारियों को क्लीन चिट दिए जाने से परिजन में आक्रोश है।