फोटो-01- गंगा मे तैरते मवेशियों के शव
- फोटो : HARDOI
बिलग्राम। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान से पहले गंगा नदी में मृत मवेशियों के कई शव उतराने का वीडियो वायरल हुआ है। बताया जाता है कि यह वीडियो दो दिन पहले का होने के साथ ही जरैला घाट का है। वीडियो गंगा नहाने गए श्रद्धालुओं ने बनाकर वायरल किया है। जानकारी मिलते ही मौके पर एसडीएम ने पहुंचकर जांच के निर्देश दिए हैं।
दो दिन पूर्व कुछ श्रद्धालु गंगा स्नान करने जरैला घाट आए थे। इन श्रद्धालुओं ने गंदगी के साथ कई मृत मवेशियों के शव गंगा के पानी में उतराते दिखे। बताया जाता है कि श्रद्धालुओं ने उतराते मवेशियों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में डाल दिया। शुक्रवार सुबह वीडियो वायरल होते ही जिले में हड़कंप मच गया।
एसडीएम राहुल कश्यप तत्काल घाट पर पहुंचे और मवेशियों के शवों को पानी से निकलवा कर दफन कराया। एसडीएम का कहना है कि पानी कम होने से मवेशियों के शव कहीं और से बहकर आए हैं। उन्हें निकलवा कर सफाई करा दी गई है। इसके साथ ही मामले की जांच खंड विकास अधिकारी को सौंपी है।
उन्होंने कहा कि पूर्णिमा के अवसर पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे, इसे देखते हुए घाट पर सफाई के साथ बेहतर इंतजाम किए जा रहे हैं।