मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के कटरा-बिल्हौर मार्ग पर बरौना मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से कार अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
कस्बे के मोहल्ला मोहिद्दीनपुर निवासी दिलाल इरफान (23) मंगलवार देर रात कार से बांगरमऊ से वापस लौट रहा था। कार में दिलाल (17) , अदनान (18) भी थे। बरौना मोड़ के पास पीछे आए अज्ञात वाहन ने कार में टक्कर मार दी।
कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गई। हादसे में सभी कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने कार के अंदर फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने अदनान, इरफान की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी कोतवाल अबरार हुसैन ने बताया कि परिजन की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।