फोटो-18- मृतक हारून की फाइल फोटो
- फोटो : HARDOI
संडीला। हरदोई-लखनऊ मार्ग पर चातर पुलिया के पास शनिवार देर रात उर्स मेला देखने आ रहे बाइक सवारों को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजा। जहां पर डॉक्टर ने एक छात्र को मृत घोषित कर दिया।
बघौली थाना क्षेत्र के पहाड़पुर मजरा बरौली के निवासी हारुन अली (19) कक्षा 11 का छात्र था। शनिवार देर शाम वह अपने मौसेरे भाई गुफरान (19) व बालामऊ निवासी शानू (18) के साथ संडीला में चल रहे उर्स देखने आ रहे थे।
रास्ते में हरदोई-लखनऊ मार्ग पर चातर पुलिया के पास लखनऊ की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक कार लेकर भाग गया। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने घायलों को संडीला सीएचसी भेजा।
जहां पर डॉक्टर ने हारुन को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने गुफरान की हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। बाइक चला रहा गुफरान हेलमेट लगाए था। मृतक तीन भाई-बहनों में बड़ा था। कोतवाल दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।