हरदोई जिले में माधौगंज थाना क्षेत्र के बघौली मार्ग पर सोमवार शाम वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन घायलों को जिला अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर ने एक की हालत नाजुक देख उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। लखनऊ जाते समय रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया।
सहिजना गांव निवासी जय सिंह (38) खेती करता था। सोमवार शाम वह अपने साथी पिंटू (30) के साथ माधौगंज से बाइक से घर जा रहा था। बघौली मार्ग पर पानी की टंकी के पास पीछे से आए वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चला रहा जय सिंह हेलमेट नहीं लगाए था। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पास में मिले मोबाइल से परिजन को जानकारी दी।
परिजन मौके पर आए और घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टर ने जय सिंह को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लखनऊ लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर घर आए। पत्नी मीना की सूचना पर मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। एसओ सुव्रत नारायण तिवारी ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।