हरदोई। अमृतसर से जयनगर जा रही स्पेशल ट्रेन में बिहार की महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। ट्रेन में ही महिला ने मृत बच्चे को जन्म दिया। यात्रियों की सूचना पर हरदोई रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने उसे ट्रेन से उतारकर एंबुलेंस से जिला महिला अस्पताल मेें भर्ती कराया।
बिहार के लदनिया थाने के परसाही गांव निवासी अंबिका कुमारी (30) गर्भवती थी। बुधवार रात वह पति जयशंकर के साथ अमृतसर-जयनगर स्पेशल ट्रेन से बिहार जा रही थी।
शाहजहांपुर के पास उसे प्रसव पीढ़ा होने लगी। ट्रेन मेें उसे प्रसव हो गया। प्रसव के दौरान उसने मृत बच्चे को जन्म दिया। यात्रियों ने कंट्रोल रूम नंबर पर सूचना दी। रात दो बजे ट्रेन हरदोई स्टेशन पर पहुंची।
सूचना पर आरपीएफ के उपनिरीक्षक वेदराम सिंह महिला कांस्टेबिल के साथ पहुंचे। उन्होंने ट्रेन से महिला को नीचे उतारा। एंबुलेंस से महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। आरपीएफ प्रभारी आरबी सिंह ने बताया कि बच्चे के शव को दफना दिया गया है।