फोटो-26- स्टाप नर्स आकांक्षा से पूछताछ करती सीओ शिल्पा कुमारी
- फोटो : HARDOI
हरियावां। सीएचसी में भर्ती महिला ने शुक्रवार देर शाम प्रसव के दौरान एक मृत बच्चे को जन्म दिया। परिजनों ने आशा बहू पर गलत इंजेक्शन लगाने से बच्चे की मौत होने का आरोप लगाकर पुलिस को सूचना दी। इस दौरान छह घंटे तक पुलिस के न पहुंचने से नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर पहुंचीं सीओ शिल्पा कुमारी ने परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के अछुआपुर गांव निवासी छंगा ने बताया कि उसकी पत्नी शिवानी (30) गर्भवती थी। शुक्रवार दोपहर उसे प्रसव पीड़ा होने पर वह एंबुलेंस से उसे लेकर सीएचसी आए। उनके साथ गांव की आशा बहू भी आई थी।
देर शाम प्रसव के दौरान शिवानी ने मृत बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई। छंगा का आरोप है कि प्रसव पीड़ा होने पर आशा बहू ने शिवानी को दो इंजेक्शन लगाए थे। गलत इंजेक्शन लगाने से बच्चे की गर्भ में ही मौत हो गई।
शनिवार सुबह उसने थाने में शिकायत की। घटना की सूचना के करीब छह घंटे बीतने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जिससे आक्रोशित परिजनों ने हंगामा कर दिया।
सूचना मिलने पर सीओ ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सीओ के समझाने पर परिजन शांत हुए। सीओ ने बताया कि आशा बहू से पूछताछ की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
आशा बहू से मांगा स्पष्टीकरण
सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि आशा बहू को इंजेक्शन लगाने का अधिकार नहीं है। लिखित शिकायत नहीं मिली है। अगर आशा बहू ने ऐसा किया है तो इसकी जांच की जाएगी। फिलहाल आशा बहू से स्पष्टीकरण मांगा गया है।