शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के बिरौरी गांव में युवक की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव बिरौरी निवासी अवधेश का शव 20 मार्च को गांव के बाहर फंदे पर लटका मिला था। मृतक की पत्नी अरूणा ने गांव के अनंग पाल, अमर पाल, छोटक्के, सोनू पर एक दिन पूर्व हुए विवाद की रंजिश में हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने आत्महत्या बताकर मामले को रफा-दफा कर दिया था, जबकि मृतक की पत्नी कार्रवाई के लिए महीनों कोतवाली के चक्कर लगाती रही। पुलिस ने उसकी फरियाद नहीं सुनी थी।
कुछ दिन पहले उसने न्यायालय में वाद दायर किया था। न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की। प्रभारी निरीक्षक सुरेश मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।