बावन। एक व्यापारी ने समूह के सदस्यों को धोखा में रखकर बैंक से ऋण ले लिया। इसकी जानकारी होने पर समूह सदस्यों ने उस पर दबाव बनाया, तो फर्जी जमा रसीदें पकड़ दी। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
कोतवाली के कस्बा बावन निवासी मुईद, महफूज, इकबाल, सद्दाम, नसीम, समशेर, मुन्ना, भूरा ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें बताया है कि उन लोगों से बावन निवासी भूसा व्यापारी और उसके भाई ने धोखाधड़ी कर समूह के नाम पर कागजात लेकर निजी बैंक से ऋण मंजूर करा लिया।
इसके बाद हम लोगों से बताया कि ऋण मंजूर नहीं हो सका। कहा कि उन लोगों के खाते में कुछ लोगों ने भूसा खरीद का पैसा भेजा है। जिसे निकाल कर उन्हें दे दें। इस पर उन लोगों ने रुपये निकाल कर व्यापारी को दे दिए।
कुछ दिन पहले जब बैंक कर्मी ऋण की वसूली करने पहुंचे तो धोखाधड़ी की जानकारी हुई। इस पर हम लोग व्यापारी के घर पहुंचे, तो उसने सुलह लिखाकर हम लोगों को बैंक में रुपये जमा करने की फर्जी रसीदें पकड़ा दीं।
हम लोग रसीदें लेकर बैंक पहुंचे तो मैनेजर सुमंत ने बताया तुम लोगों के साथ धोखाधड़ी की गई है। कोतवाल विनोद कुमार यादव ने बताया मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।