हरदोई। बॉयोडीजल के नाम पर 31 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। पंप सहित अन्य सामग्री और बॉयोडीजल के नाम पर ली गई रकम वापस न करने पर मुंबई की माई ओन ईको एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी सहित पांच के खिलाफ धोखाधड़ी का कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
88 सिविल लाइन पूर्वी निवासी अजीत कुमार पांडेय ने शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया है कि मुंबई सिटी के 401-406 एबिंग चौथा फ्लोर मार्कर पेन बिल्डिंग सेनापति भरत मार्ग बाबा साहेब आंबेडकर नगर पश्चिमी की माई ओन इको एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर संतोष अलूरी वर्मा, डायरेक्टर सारिका शिंदे, एरिया कार्यालय तोपखाना बाजार के सामने मिलिट्री कैंट एरिया लखनऊ पूर्वी के सेल्स मैनेजर प्रहलाद यादव और हरदोई के टेरिटरी मैनेजर संदीप श्रीवास्तव ने बायोडीजल पंप की स्थापना की जानकारी दी।
इन लोगों ने खुद को कंपनी का अधिकारी बताया था और कंपनी की ओर से मशीन, टैंक, पाइप लाइन, ऑटोमेशन आदि सामग्री देने की बात कही। इन लोगों ने 12.50 लाख रुपये सिक्योरिटी के तौर पर जमा कराए।
इसके बाद 18 लाख रुपये लखनऊ के गोमती नगर के विभूति खंड में 307-308 में बुलाकर आरटीजीएस (रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट) के माध्यम से नेफ्ट (नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड्स ट्रांसफर) कराए।
इसके बाद कंपनी ने न तो सामग्री दी और न ही डीजल दिया। रुपये वापस मांगने पर भी कोई जवाब नहीं दिया। पुलिस ने मैनेजिंग डायरेक्टर संतोष अलूरी वर्मा, डायरेक्टर सारिका शिंदे, लखनऊ पूर्वी के सेल्स मैनेजर प्रहलाद यादव और हरदोई के टेरिटरी मैनेजर संदीप श्रीवास्तव सहित एक अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।