हरदोई। वृद्धावस्था पेंशन योजना के 12516 पेंशनर्स, बैंक और विभाग में दर्ज पते पर नहीं मिले। अब कहां रहते हैं यह भी स्पष्ट नहीं हो सका। इसके बाद समाज कल्याण विभाग ने इनकी पेंशन रोक दी हैं। पेंशन रोकने के सबसे ज्यादा मामले अहिरोरी, सुरसा, बिलग्राम ब्लॉक क्षेत्रों के हैं।
सरकार ने पेंशनर्स के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी थी। इसके बाद डाटा मिलान से यह स्थिति सामने आई। समाज कल्याण अधिकारी का कहना है कि पेंशनर का नाम और पता विभाग और बैंक के रिकार्ड में है।
सत्यापन के लिए विभागीय कर्मचारी गांवों तक गए लेकिन लाभार्थी नहीं मिले। कहां रहते हैं यह भी नहीं पता लग सका। न ही इन लाभार्थियों ने आधार कार्ड जमा किए है। इस स्थिति में इन्हें पेंशन भेजा जाना उचित नहीं होगा। समाज कल्याण निदेशालय के आदेश पर पेंशन पर रोक दी गई है।
ब्लॉक पेंशनर्स मृतक नहीं मिलने वाले
अहिरोरी 10214 499 2866
बावन 10852 637 622
बेंहदर 8694 417 232
भरावन 7353 164 150
भरखनी 7593 675 435
बिलग्राम 8671 373 1099
हरियावां 5149 262 259
हरपालपुर 6091 385 347
कछौना 5160 226 412
कोथावां 8380 320 206
माधौगंज 7041 267 840
मल्लावां 3311 157 326
पिहानी 5947 360 484
सांडी 6383 294 686
संडीला 9369 353 224
शाहाबाद 6229 152 493
सुरसा 7806 411 2243
टडियावां 6254 288 340
टोडरपुर 6346 174 252
योग - 136843 6414 12516
नोट- सभी आंकड़े विभागीय जानकारी पर आधारित ।
40 हजार पेंशनर्स को जारी हुई किश्त
पेंशनर्स को हर तीन माह बाद पेंशन की किश्त भेजी जाती है। चालू वित्तीय वर्ष में ई-केवाईसी के कारण किश्त जारी करने में देरी हुई है। शासन ने 30 अगस्त तक सत्यापित हो चुके लगभग 67956 लोगों में 40 हजार के खाते में पेंशन की किश्त जारी की है। शेष किश्त जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। अभी 62473 पेंशनर्स की ई-केवाईसी नहीं हो पाई है।
वर्जन
12516 पेंशनर्स के बाहरी होने की आशंका है। इनकी ओर से आधार का प्रमाणीकरण नहीं कराया गया है। इनके नाम और पते का डाटा मिलान बैंकों से नहीं हो सका है। निदेेशालय के निर्देश पर इनकी पेंशन रोक दी गई है। - राजमती, जिला समाज कल्याण अधिकारी