हरदोई। मायके से पत्नी के न लौटने से नाराज पति ने उसी के दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की है।
मल्लावां कोतवाली के इसरापुर गांव निवासी संदीप (29) की शादी कासिमपुर थाने के रसूलपुर आंट निवासी जगदीश प्रसाद की बेटी सोनी के साथ हुई थी। संदीप के दो बच्चे हैं। जिसमें पांच वर्षीय हिमांशु और चार वर्षीय शीबू हैं। संदीप के घर वाले दिल्ली में कपड़ों की सिलाई का काम करते हैं। वह भी वहीं था। उसकी पत्नी सोनी बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। परिजनों ने बताया कि 10 जनवरी को संदीप दिल्ली से लौटा और पत्नी को विदा कराने के लिए गया।
पत्नी ने उसके साथ चलने से इन्कार कर दिया। इससे आहत होकर संदीप अपने घर लौटा और बुधवार रात बरामदे में सोनी के दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। इसका पता तब हुआ, जब उसके पड़ोसियों के संदीप के घर के अंदर से सुबह तक कोई आवाज नहीं सुनीं। लोगों ने झांककर देखा तो वहां उसका शव लटकता हुआ दिखाई दिया। कोतवाल शेषनाथ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।