हरदोई में शहर के वैदिक विद्यालय मंदिर इंटर कॉलेज के निरीक्षण में डीआईओएस को कहीं शिक्षक आराम फरमाते दिखे तो किसी कक्षा में गुटका खाकर बच्चों को पढ़ाते मिले। यहां गंदगी व अनियमितताएं मिलने पर प्रधानाचार्य सहित पूरे स्टाफ का वेतन रोक दिया गया। विद्यालय में व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए गए।
जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे ने गुरुवार को शहर के वैदिक विद्यालय मंदिर इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ कक्षाएं संचालित हो रही थीं, अन्य शिक्षक इधर-उधर बैठे हुए थे। विद्यालय के कमरों में गंदगी और पान मसाले की पीक थी। विद्यालय के शिक्षक गुटका खाकर पढ़ाते मिले। इस पर उनको कड़ी फटकर लगाई गई।
उन्होंने सभी शिक्षकों के साथ बैठकर शिक्षक डायरी पर प्रतिदिन का शिक्षण कार्य अंकित करने के निर्देश दिए। विद्यालय में साफ-सफाई रखने के लिए कहा। उन्होंने 15 दिन में व्यवस्थाओं में सुधार के आदेश दिए। विद्यालय में अनियमितता मिलने पर प्रधानाचार्य सहित पूरे स्टाफ का वेतन रोक दिया। डीआईओएस ने गंगा देवी इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। यहां पर व्यवस्थाएं सही पाई गईं।