हरदोई जिले के माधौगंज में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कार सवार युवक (दूल्हे) की मौत हो गई। तिलक चढ़ने के बाद युवक दोस्तों को बिलग्राम से छोड़कर वापस घर आ रहा था। 22 मई को युवक की बरात जानी थी। माधौगंज थाना क्षेत्र के मुड़िया खेड़ा के मूल निवासी जगपाल परिवार के साथ वर्तमान समय में माधौगंज के पटेल नगर पूर्वी में रहते हैं।
उनके 24 वर्षीय पुत्र रवीश गुप्ता का गुरुवार को तिलक समारोह था। 22 मई को बरात जानी थी। तिलक समारोह में रवीश के कुछ मित्र भी शामिल होने के लिए आए थे। रवीश का तिलक समारोह कस्बे के बालाजी गेस्ट हाउस में हुआ था। तिलक समारोह होने के बाद रवीश कार से दोस्तों को बिलग्राम छोड़ने गया था। देर रात करीब 12:30 बजे वापस आते समय बिल्हौर-कटरा हाईवे पर बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में नौमलिकपुर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने रवीश के कार को टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत गई। घटना की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। रवीश कुमार के दो बड़े भाई हैं। कोतवाल फूल सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई जाएगी।