हरदोई। वर्ष 2017 से पहले उप्र को बीमारू राज्य माना जाता था, भाजपा सरकार ने इसे पांच साल में उत्तम प्रदेश बना दिया और अब इस कार्यकाल में सर्वोत्तम बनाने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार इसी दिशा में काम कर रही है। यह बात जनपद के प्रभारी और सहकारिता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर ने शनिवार को रसखान प्रेक्षागृह में प्रदेश सरकार के सुशासन, विकास एवं रोजगार के सफलतापूर्वक छह वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में कही।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सरकार के सफल छह वर्ष पर प्रकाशित स्मारिका विमोचन किया। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से छह वर्ष में कराए गए कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। डीएम एमपी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशानुसार विकास एवं निर्माण कार्यों को तेजी और पारदर्शी तरीके से कराया जा रहा है।
इस दौरान प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, सांसद अशोक रावत, विधायक रामपाल वर्मा, अशोक अग्रवाल, माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, श्याम प्रकाश, आशीष सिंह आशू, नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर, भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री पीके वर्मा, सीडीओ सौम्या गुरूरानी, एसपी राजेश द्विवेदी, जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा के साथ कोविड-19 में माता-पिता को खोने वाले 31 बच्चों को निशुल्क लैपटॉप वितरित किए। सबमिशनऑन एग्रीकल्चर मैकेनाईजेशन योजना के तहत अनुदान पर ट्रैक्टर के लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. रामप्रकाश, पीडी गजेंद्र तिवारी, डीडीओ एपी सिंह, डीपीओ एसके सिंह, डीडी कृषि डॉ. नंद किशोर, जिला सूचनाधिकारी संतोष कुमार सहित अधिकारी व लाभार्थी मौजूद रहे।
इन प्रतिभाओं को मिला प्रमाण-पत्र
रसखान प्रेक्षागृह में प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और खेल प्रतिस्पर्द्धा की विजेताओं को प्रमाण-पत्र, खेल किट देकर सम्मानित किया। हॉकी की विजेता टीम में सुरभि कनैजिया, रुकसाना, रोली, प्रिंसी, शालू दीक्षित, तान्या सिंह, माही सिंह, उप विजेता टीम में ज्योति, अंशिका यादव, श्वेता यादव, मान्यता सिंह, राधा सिंह, काव्या सिंह, अंशिका सिंह, 200 मीटर दौड़ में माही, काव्या, अनुष्का, 100 मीटर दौड़ में सुरचना, सुबी एवं खिलाड़ी सीवी को सम्मानित किया।
अपराधी और माफिया प्रदेश में आने से घबराते हैं
हरदोई। सहकारिता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर ने शनिवार को विकास भवन में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में 700 से अधिक दंगे हुए थे। भाजपा के छह वर्ष के कार्यकाल में एक भी दंगा नहीं हुआ। कभी उद्योगपति प्रदेश में आने से कतराते थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपराध, माफिया और भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की नीति ने प्रदेश की तस्वीर बदल दी है।
उन्होंने कहा कि अब अपराधी और माफिया प्रदेश में आने से घबराते हैं। उद्योगपतियों और व्यवसायियों के प्रदेश में आने से विकास और रोजगार में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। बड़ी-बड़ी कंपनियां अपनी इकाइयों की स्थापना कर रही हैं। यह सरकार की बेहतर कानून-व्यवस्था का ही परिणाम है। सरकार ने पंजाब जेल में बंद एक माफिया को लाने में कामयाबी हासिल कर ली है, जबकि दूसरे को गुजरात की जेल से लाने के प्रयास जारी हैं। राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त किए जाने और बंगला आदि खाली कराए जाने के सवाल पर कहा कि नियमानुसार जो होगा, सरकार वही करेगी। मेडिकल कॉलेज में बेहतर सेवाएं प्रदान करने के सवाल पर कहा कि चिकित्सकों की नियुक्ति के प्रयास किए जा रहे हैं। एक्सपर्ट की पांच लाख मासिक पर सेवाएं लिए जाने की भी प्रक्रिया शुरू की गई है।