परिवार में बांटा जा रहा सरकारी राशन, कोटेदार समेत तीन पर केस
- फर्जी राशन कार्ड, सरकारी अभिलेखों में छेड़छाड़ का लगा आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। परिवार के सदस्यों के फर्जी राशन कार्ड बनवाकर उन्हें राशन देने सहित कई अनियमितताओं पर बावन ब्लाॅक के जगदीशपुर गांव के कोटेदार वीरेंद्र विक्रम सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
लोनार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी जितेंद्र ने न्यायालय में वाद दायर कर बताया था कि वह चार मार्च 2019 को राशन लेने वीरेंद्र की कोटे की दुकान पर गया था। कोटेदार के भाई जितेंद्र राशन का वितरण कर रहे थे। उसने राशन देने से उसे मना कर दिया था। इसके साथ ही अपशब्द भी कहे थे। घटना के अगले महीने भी उसको राशन नहीं दिया था। इसके बाद उसने जिलाधिकारी को शिकायत की थी। इस बीच कोटेदार के भाई जितेंद्र कुमार ने राशन कार्ड लिस्ट से उसका नाम कटवा दिया था। शिकायत की सुनवाई न होने पर जिसके बाद उसने न्यायालय में वाद दायर किया था। आरोप लगाया था कि कोटेदार ने अपने पूरे परिवार के राशन कार्ड फर्जी रूप से बनवा लिए हैं। कोटेदार वीरेंद्र विक्रम आए दिन राशन बांटने में धांधली करता है। कई पात्र लोगों के राशन कार्ड कटवा कर उनके स्थान पर अपने परिवार के राशन कार्ड बनवा लिए हैं। थानाध्यक्ष विनोद कुमार यादव का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।