संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई-ग्रामीण) की दूसरी किस्त प्राप्त छत डलवा चुके 10 हजार लाभार्थियों को तीन दिन के अंदर तीसरी किस्त दिलाई जानी है। सीडीओ ने योजना की समीक्षा करते हुए बीडीओ को यह जिम्मेदारी सौंपी है। पिहानी और भरावन में पूर्ण होने के लिए बड़ी संख्या में लंबित आवासों पर नाराजगी भी जाहिर की। कहा कि बीडीओ इस पर गंभीरता से काम करें।
सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में पीएमएवाई-ग्रामीण की समीक्षा करते हुए 313 आवास पिहानी और 206 आवास भरावन में अपूर्ण होने पर नाराजगी जाहिर की। बीडीओ से कहा कि वह आवासों को समय से पूरा कराने के लिए गंभीरता से काम करें। कहा कि 10 हजार लाभार्थियों की ओर से दूसरी किस्त प्राप्त करने के साथ ही छत डलवा ली गई है। बीडीओ इन लाभार्थियों को आवास फिनिशिंग के लिए तीसरी किस्त तीन दिन के अंदर प्राप्त कराएं। ऐसे ही 1202 लाभार्थियों को तीसरी किस्त प्राप्त हो चुकी है। इन आवासों को दो दिन में पूरा करा लिया जाए। इसमें लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
बैठक में परियोजना निदेशक गजेंद्र तिवारी, डीडीओ अरविंद कुुमार, श्रम रोजगार उपायुक्त आरपी सिंह सहित बीडीओ मौजूद रहे।
-
बाढ़ प्रभावितों का भौतिक सत्यापन कर पात्रों की सूची प्राप्त कराएं
सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने बिलग्राम, हरपालपुर, माधौगंज, मल्लावां व सांडी सहित बाढ़ प्रभावित ब्लॉकों के बीडीओ को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों का भौतिक सत्यापन कर लिया जाए। बाढ़ से आवासहीन हुए परिवारों की सूची तैयार कराते हुए पांच दिन के अंदर परियोजना निदेशक को प्राप्त कराई जाए। सूची का क्रास सत्यापन कराते हुए पात्र व जरूरतमंद परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण से लाभांवित कराया जा सके।