गैस सिलिंडर फटा, पड़ोसी सहमे, दरक गया मकान
- 40 हजार नकदी और गृहस्थी जल कर हुई राख
- हरपालपुर थाना के महितापुर में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। खाना बनाते समय गैस रिसाव होने से सिलिंडर में आग लग गई। वह तेज धमाके के साथ फट गया। इससे रसोई में आग लग गई। आग की चपेट में आकर करीब 40 हजार की नकदी और सामान चल गया। धमाके की आवाज से पड़ोसी सहम गए और पूरा मकान दरक गया।
शनिवार सुबह हरपालपुर थाने के महितापुर में हाशिम के घर में उसकी भाभी हुमा बानो रसोई में खाना बना रही थी। इसबीच गैस सिलिंडर से रिसाव होने लगा और आग लग गई। जब तक वह कुछ समझ पाती धमाके के साथ सिलिंडर फट गया और रसोई में आग लग गई। आग ने घर को अपनी चपेट में ले लिया। इधर, धमाके की आवाज सुनकर पूरे इलाके में भगदड़ मच गई। पड़ोसी अपने-अपने घरों से बाहर की ओर दौड़ पड़े। धमाका के कारण पूरा मकान चटख गया।
-
आंखों से टपकने लगे आंसू
महितापुर के हाशिम का कहना है कि हादसे से हर किसी का दिल दहल गया। अल्लाह ने उनके घर वालों को दूसरी जिंदगी बख्शी। हादसे को लेकर जब हाशिम से सवाल किए जा रहे थे, तो उसकी आंखों से आंसू टपक रहे थे और मुंह से बस ए...अल्लाह तेरा बहुत-बहुत एहसान, तूने दोबारा जिंदगी बख्शी शब्द निकल रहे थे।