शाहाबाद। चार लाख रुपये की अवैध वसूली कर धोखाधड़ी करने के आरोप में एक शख्स के खिलाफ शाहाबाद कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के छोटा चौराहा निवासी रूपेश गुप्ता अपने पिता बालकृष्ण गुप्ता व अन्य परिजनों के साथ बीती 11 जून को कार से शाहजहांपुर से हरदाेई जा रहे थे। शाहाबाद कस्बे में बस अड्डा के पास कठमा निवासी पट्टे की कार की चपेट में आकर मौत हो गई थी। दुर्घटना के बाद पुलिस ने कार चालक रूपेश गुप्ता को हिरासत में ले लिया था। हवालात में बंद कार चालक से कस्बे के दिलेरगंज निवासी गोपाल गुप्ता ने कहा था कि पुलिस उस पर हत्या क रिपोर्ट दर्ज कर रही है। चार लाख रुपये दे दो तो कुछ नहीं होगा और पुलिस से बात हो गई है। घबराए रूपेश ने शाहजहांपुर निवासी अपने रिश्तेदार अनिल गुप्ता को पूरी बात बताई।
अनिल ने शाहाबाद निवासी अपने परिचित व्यापारी धर्मेंद्र गुप्ता को फोन कर गोपाल गुप्ता को चार लाख रुपये दिलवा दिए। अगले ही दिन पुलिस के नाम पर झूठ बोलकर रुपये लिए जाने की बात चर्चा में आ गई। इस पर गोपाल ने साढ़े तीन लाख रुपये रुपेश को वापस कर दिए और बाकी के पचास हजार रुपये शाहजहांपुर निवासी अनिल गुप्ता को वापस किए। आरोप है कि डराकर गोपाल गुप्ता ने पुलिस के नाम पर चार लाख रुपये वसूले थे। कोतवाल राजदेव मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।