कोतवाली के गांव गनेशपुर गोविंदपुर के निकट सोमवार की सुबह कोहरे के कारण बाइक सवार युवक गैस से भरे कैप्सूल टैंकर से टकरा गया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि उसका भाई घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बुलंदशहर के कस्बा नरौरा की कर्मधर्म कॉलोनी निवासी शंकर लाल के पुत्र अनिल कुमार बघेल (25) जीएनएम के डिप्लोमा की पढ़ाई कर रहे थे। सोमवार सुबह वह बाइक से अपने भाई रोहित के साथ अतरौली से नरौरा जा रहे थे। सुबह दस बजे के करीब घने कोहरे की वजह से जिरौली धूमसिंह स्थित गनेशपुर गोविंदपुर मोड़ पर रामघाट की ओर से आ रहे गैस से भरे कैप्सूल टैंकर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अनिल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रोहित घायल हो गया। सूचना पर परिवार के लोग भी अतरौली पहुंच गए। हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अनिल कुमार तीन भाइयों में सबसे छोटा था। संवाद
पुल पर न चहारदीवारी थी न संकेतक, माइनर में गिरी कार, हादसा बचा
बैरामगढ़ी माइनर पुल पर चहारदीवारी न होने और कोई संकेतक नहीं लगे होने की वजह से सोमवार की सुबह कोहरे के चलते अलीगढ़ से अतरौली जा रही एक कार माइनर में गिर गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ की वजह से हादसा बच गया। गनीमत रही कि कार पूरी तरह से पानी में नहीं समाई वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
क्वार्सी से लेकर हरदुआगंज के बैरामगढ़ी माइनर पुल तक रामघाट रोड चार लेन का बना हुआ है। बैरामगढ़ी माइनर पुल संकरा होने के कारण चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। सोमवार की सुबह केलानगर निवासी मो. शाहरुख कार से अतरौली की ओर जा रहे थे। लेकिन पुल के अगल-बगल में कोई संकेतक या चहारदीवारी नहीं होने की वजह से माइनर का अंदेशा नहीं हो पाया और कार माइनर में पलट गई।
हालांकि, चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिया जिसकी वजह से हादसा बच गया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोगों ने चालक को बाहर निकाला। ढाई घंटे बाद क्रेन की मदद से कार को निकाला जा सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि चहारदीवारी व संकेतक नहीं होने की वजह से माइनर का अंदेशा नहीं हो पाता है। स्थानीय लोगों ने संकेतक लगाने की मांग की है।
घने कोहरे के चलते वाहन से टकराई मैक्स, चालक घायल
सोमवार को थाना क्षेत्र के गांव पीपलिया नगला में दूध लेकर जा रही एक मैक्स गाड़ी अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में मैक्स चालक घायल हो गया। जानकारी के अनुसार गांव गालिबपुर निवासी कुमरपाल सोमवार की सुबह बरला क्षेत्र से दूध उठाकर मधुसूधन डेरी अतरौली जा रहे थे। पीपलिया के समीप अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई जिसमें चालक घायल हो गया। ग्रामीणों ने घायल को अतरौली सीएचसी भेजा।
कैंटर से टकराईं कारें, कार चालकों ने कैंटर चालक को पीटा
गंगीरी के गांव राजगहीला गेट पर घने कोहरे के कारण कासगंज की तरफ से आ रहे एक कैंटर ने एटा एडीजे की कार में टक्कर मार दी। जैसे ही कार चालक ने ब्रेक लगाई पीछे से आ रही दूसरी कार भी उक्त कार से टकरा गई। हादसे में दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं, हालांकि किसी को चोट नहीं लगी। दोनों कार चालकों मिलकर कैंटर चालक की बुरी तरह पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कैंटर चालक को हिरासत में लेकर कैंटर को भी कब्जे में ले लिया।