हरदोई। कोहरे का असर ट्रेनों की स्पीड पर भी पड रहा है। कोहरे के कारण विलंब से चल रही ट्रेनों के इंतजार में यात्री घंटों सर्दी में ठिठुरने को मजबूर हैं। रेलवे का प्रतीक्षालय प्लेटफार्म नंबर एक पर है। इससे अन्य प्लेटफार्मों पर यात्रियों को टीन शेड के नीचे ही ट्रेन का इंतजार करना होता है। शीतलहर यात्रियों के लिए कष्टकारी हो रहा है।
कोहरे के कारण ट्रेनों का आवागमन भी प्रभावित हुआ है। स्थानीय स्टेशन पर आने वाली छह जोड़ी ट्रेनें निरस्त चल रही हैं और जो चल रही हैं, वह काफी विलंबित हैं। रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों के इंतजार के लिए प्लेटफार्म नंबर एक पर प्रतीक्षालय बना हुआ है। जहां पर यात्री रुककर ट्रेन का इंतजार कर सकते हैं।
इसके अलावा प्लेटफार्म नंबर दो, तीन, चार, पांच व छह पर सिर्फ टीन शेड पड़े हैं। उसी के नीचे बैठ कर यात्रियों को ट्रेनों का इंतजार करना पड़ता है। शीत लहर के कारण स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्री ठिठुर रहे है। शुक्रवार को स्थानीय स्टेशन पर आने वाली आठ ट्रेनें तीन से चार घंटे विलंब से पहुंची।
इन ट्रेनों में 14512 नौंचदी एक्सप्रेस तीन घंटा, 14207 पद्मावत एक्सप्रेस तीन घंटा, 12232 चंडीगढ़- लखनऊ तीन घंटा, 15012 चंडीगढ़ एक्सप्रेस चार घंटा, 13010 देहरादून एक्सप्रेस तीन घंटा, 13308 किसान एक्सप्रेस चार घंटा और 15909 अवध असम एक्सप्रेस चार घंटा विलंब से पहुंची। इससे यात्री शीत लहर में ट्रेन के इंतजार में ठिठुरते रहे।
इस तरह दिखा नजारा-
प्लेटफार्म नंबर तीन पर पेड़ के नीचे बैठे यात्री शीतलहर से ठिठुर रहे थे। प्लेटफार्म नंबर एक पर पूछताछ काउंटर के पास एक यात्री अपने सामान पर ही सो गया। वहीं, प्लेटफार्म नंबर पांच पर ही खुले के बेंच पर बैठकर यात्री ट्रेन का इंतजार करते दिखे। ट्रेनों के विलंब के आने के कारण ग्रामीण क्षेत्र से आए यात्री पूछताछ काउंटर पर बार-बार ट्रेन के विषय में जानकारी करते दिखे।
फोटो-08- प्लेटफार्म नंबर पांच पर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री- फोटो : HARDOI